हल्द्वानी: नैनीताल रोड स्थित वार्ड नंबर तीन में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक घर में युवक और तीन युवतियां संदिग्ध हालात में पाई गईं। सूचना पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने मौके से सभी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना रात 12 बजे के बाद की
वार्ड सभासद धर्मवीर के अनुसार, देर रात करीब 12 बजे उन्हें सूचना मिली कि क्षेत्र के एक मकान में एक युवक तीन युवतियों को लेकर आया है। स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचकर जब घर की जांच की गई तो युवक और युवतियां संदिग्ध अवस्था में मिले। इसके बाद मोहल्ले में आक्रोश फैल गया और हंगामा शुरू हो गया।
पुलिस ने संभाली स्थिति
तनाव बढ़ता देख पुलिस ने तत्काल कई थानों की फोर्स मौके पर भेजी। देर रात 12 बजे से लेकर सुबह करीब चार बजे तक हंगामा जारी रहा। भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक की पहचान तसलीम निवासी काठगोदाम के रूप में हुई है। जिस घर से युवक और युवतियां पकड़ी गईं, वह वसीम नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है, जो तसलीम का परिचित है। तीनों युवतियां हल्द्वानी की रहने वाली बताई गई हैं।
मामले की जांच जारी
एसएसआई रोहताश सिंह सागर ने बताया कि वार्ड सभासद की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
तीनों युवतियों से पूछताछ की जा रही है और उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटना के बाद से क्षेत्र में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएँ चल रही हैं। पुलिस ने अपील की है कि लोग किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और सहयोग बनाए रखें।
