प्रतीकात्मक तस्वीर
देहरादून: राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए आगामी दिनों में डॉक्टर, नर्स, सीएमएस, एएनएम सहित कुल 1300 स्वास्थ्य पदों पर नई भर्ती शुरू करने का फैसला लिया है।
बुधवार को देहरादून स्थित चिकित्सा शिक्षा निदेशालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मेडिकल कॉलेजों के लिए चयनित 42 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
सरकार का कहना है कि आने वाले समय में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संस्थानों में 690 नर्सिंग अधिकारियों, 287 डॉक्टरों, 180 एएनएम, और 120 सीएमएस पदों पर भी चरणबद्ध तरीके से नियुक्तियाँ की जाएँगी।
पिछले चार वर्षों में राज्य सरकार लगभग 26 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी दे चुकी है, और इस वर्ष स्वास्थ्य विभाग में बड़े पैमाने पर रिक्त पदों को भरने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी होगी और सभी पदों को जल्द भरने के लिए विभाग तेजी से कार्य कर रहा है।
