रामनगर/ नैनीताल: नैनीताल जिले में हुई अपहरण की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि खंगाली जा रही है।
क्या था मामला
घटना बीती 6 नवंबर की है। हरियाणा निवासी और रामनगर में रह रहे दीपक ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ अज्ञात लोग उसके भाई राधा मोहन को जबरन वाहन में डालकर ले गए हैं।
सूचना मिलते ही एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जिलेभर में नाकाबंदी, बैरियर चेकिंग और संदिग्ध वाहनों की तलाशी के निर्देश दिए।
एएसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल स्वयं मौके पर पहुंचे और सभी पुलिस थानों व चौकियों को अलर्ट किया गया। पुलिस ने संदिग्ध वाहन संख्या HR 26 FH 9594 की तलाश शुरू की।
चौकसी के चलते पुलिस टीम ने हल्दुआ चेक पोस्ट पर संदिग्ध XUV वाहन को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर अपहृत युवक राधा मोहन को सकुशल बरामद किया गया। वाहन में मौजूद सभी 8 आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में लेकर वाहन सीज कर दिया गया।
शिकायतकर्ता दीपक के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह राधा मोहन के परिचित मोहित और सोमवीर अपने छह साथियों के साथ आए और कहासुनी के बाद राधा मोहन की पिटाई कर जबरन वाहन में बैठाकर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने डायल 112 के माध्यम से तुरंत कार्रवाई की और जिलेभर में नाकाबंदी शुरू कर दी, जिसके बाद कुछ ही घंटों में पूरा मामला सुलझा लिया गया।
हिरासत में लिए गए आरोपी –
महित – निवासी गतवार भान कोसाम, भिवानी (हरियाणा)
प्रियांशु – निवासी विध्यानगर कॉलोनी, भिवानी (हरियाणा)
निखिल – निवासी भिवानी (हरियाणा)
साहिल – निवासी कैथल, कैथल (हरियाणा)
अनिल कुमार – निवासी भूषाण बवल, भिवानी (हरियाणा)
सोमवीर – निवासी खावा, बहल (हरियाणा)
रोबिन – निवासी मलपोप, बोंदमला, चरखी दादरी (हरियाणा)
गौरव – निवासी बाड़की, महेंद्र नगर (हरियाणा)
