नैनीताल: नैनीताल में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब जिला न्यायाधीश के आधिकारिक ई-मेल पर न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और जिले के सभी न्यायालय परिसरों को तत्काल खाली करा दिया गया। जिला एवं सत्र न्यायालय नैनीताल, रामनगर कोर्ट और हल्द्वानी स्थित जजी कोर्ट में एक साथ सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
धमकी भरे मेल में जज के चैंबर में आरडीएक्स आईईडी लगाए जाने का जिक्र किया गया था और तय समय से पहले परिसर खाली कराने की बात लिखी गई थी। सुबह करीब साढ़े आठ बजे आए इस मेल की जानकारी मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। न्यायालयों के अंदर और बाहर हर आने-जाने वाले की जांच की गई और संदिग्ध वस्तुओं की तलाश में कोना-कोना खंगाला गया।
हल्द्वानी कोर्ट परिसर में एसपी क्राइम और स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान वकीलों और आम लोगों को बाहर कर दिया गया और काफी देर तक कामकाज पूरी तरह ठप रहा। दोपहर बाद तक तलाशी अभियान चलता रहा, हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार मेल की जांच साइबर स्तर पर की जा रही है और उसे भेजने वाले का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पूरे मामले को संवेदनशील मानते हुए न्यायालय परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और फिलहाल पुलिस अलर्ट मोड पर है।
