हरिद्वार: पति से मिलने आई एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने होटल मैनेजर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार बिजनौर निवासी पीड़िता अपने पति से मिलने हरिद्वार पहुंची थी, जो सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करता है। आरोप है कि बस अड्डे के पास एक ऑटो चालक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने वाहन में बैठाया और कुछ दूरी पर ले जाकर कार में बैठा दिया। इसके बाद कार चालक उसे शिवमूर्ति गली स्थित एक होटल में ले गया, जहां ऑटो चालक भी पहुंच गया। महिला का आरोप है कि होटल के कमरे में तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर पीड़िता सीधे शहर कोतवाली पहुंची और घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और लोकेशन ट्रेस कर नहर पटरी क्षेत्र से तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक ऑटो चालक, एक कार चालक और संबंधित होटल का मैनेजर शामिल है।
घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आसपास के होटलों में भी गहन जांच की। होटल रजिस्टर, आईडी प्रूफ और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा कई होटल संचालकों से लंबी पूछताछ की गई। कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि मामले में सभी आवश्यक साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
