देहरादून: देहरादून के कैंट क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस पुलिस चौकी में बुधवार को हंगामे का मामला सामने आया है। गाड़ी पार्किंग विवाद को लेकर पूछताछ के लिए बुलाए गए युवक और उसके स्वजनों पर चौकी प्रभारी के साथ बदसलूकी करने और उनका मोबाइल फोन तोड़ने का आरोप लगा है। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंट कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कैसी भट्ट ने बताया कि गंगोल पंडितवाड़ी निवासी जुगल किशोर ने चौकी सर्किट हाउस में शिकायत दी थी कि गौरव धीमान ने उनके वाहन को लेकर विवाद किया और रात्रि में उनके घर की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए।
शिकायत के आधार पर चौकी प्रभारी ने गौरव धीमान को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया था। वह अपनी मां इन्दु धीमान और बहन काजल धीमान के साथ चौकी पहुंचा। पूछताछ के दौरान गौरव की बहन काजल और अन्य परिजनों ने पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया। इसी दौरान काजल ने चौकी प्रभारी के हाथ से मोबाइल छीनकर उसे जमीन पर पटक दिया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।
