काशीपुर: काशीपुर में बुधवार को एक निजी स्कूल में चौंकाने वाली घटना सामने आई। 9वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने शिक्षक पर तमंचे से फायर कर दिया, जिससे शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। दाहिने कंधे के नीचे गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नाबालिग छात्र को अपनी अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना कुंडेश्वरी रोड स्थित श्री गुरुनानक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुई। सुबह करीब 9:45 बजे शिक्षक गगनदीप सिंह कोहली कक्षा नौ के छात्रों को भौतिक विज्ञान पढ़ाने पहुँचे। क्लास समाप्त होते ही मध्यांतर की घंटी बज गई। इसी दौरान बच्चे भोजन करने के लिए कक्षाओं से बाहर निकल रहे थे। इसी बीच शिक्षक गगनदीप भी क्लास से बाहर निकलने लगे, तभी पीछे से एक छात्र ने अपने टिफिन बॉक्स से तमंचा निकाला और शिक्षक पर गोली चला दी।
गोली लगते ही शिक्षक जमीन पर गिर पड़े और छात्र मौके से भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, अन्य शिक्षकों ने तुरंत साहस दिखाते हुए छात्र को पकड़ लिया। घायल शिक्षक को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुँची। घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए गए। मौके से खाली खोखा और अवैध तमंचा बरामद किया गया है।
पुलिस पूछताछ में छात्र ने आरोप लगाया कि दो दिन पहले सवाल का सही जवाब देने के बावजूद शिक्षक ने उसे डांटा और थप्पड़ मारा था। इसी बात से नाराज़ होकर उसने यह कदम उठाया।
काशीपुर के एएसपी अभय सिंह ने बताया कि आरोपी नाबालिग है। शिक्षक की तहरीर के आधार पर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए नाबालिग को किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
