रामनगर: कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे रामनगर क्षेत्र में एक बार फिर बाघ के हमले की घटना सामने आई है। ढेला रेंज के सांवल्दे गांव में शुक्रवार 2 जनवरी को बाघ ने जंगल में लकड़ी लेने गई 60 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया। बाघ महिला को घसीटते हुए जंगल के अंदर ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक महिला की पहचान सुखियां पत्नी चंदू सिंह, निवासी सांवल्दे गांव रामनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुखियां रोज की तरह गांव की अन्य महिलाओं के साथ घर के पास जंगल में लकड़ी लेने गई थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाघ महिला को पकड़कर घने जंगल की ओर घसीट ले गया। महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बाघ महिला को काफी दूर जंगल के भीतर ले जा चुका था। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला, उप निदेशक राहुल मिश्रा समेत वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। महिला की तलाश के लिए तत्काल सर्च ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद वन कर्मियों ने जंगल के अंदर से महिला का शव बरामद किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच रहे थे, जिन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया गया। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने शव को जंगल से बाहर निकाला।
वन विभाग ने घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त वन कर्मियों की तैनाती कर दी है। साथ ही बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अकेले जंगल न जाएं और सतर्कता बरतें।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन ने बाघ को पकड़ने के लिए इलाके में पिंजरे लगाए हैं। कैमरा ट्रैप और ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है। वन अधिकारियों का कहना है कि सर्दियों में बाघों की गतिविधियां रिहायशी इलाकों के पास बढ़ जाती हैं।
वहीं घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के रवैये को लेकर नाराज़गी भी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे वन्यजीव हमलों से लोग पहले ही भय में जी रहे हैं। ऐसे समय में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।
एसडीएम रामनगर प्रमोद कुमार ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। जाम खुलवा दिया गया है और वन विभाग नियमानुसार कार्रवाई कर रहा है। पीड़ित परिवार को सरकारी नियमों के तहत हर संभव सहायता दी जाएगी।
