देहरादून: उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, टिहरी और हरिद्वार जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग के कुछ हिस्सों में तेज बारिश का येलो अलर्ट है।
लोग अब मानसून की विदाई का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन इस बार का मानसून पहाड़ से लेकर मैदान तक तबाही का सबब बन चुका है।
गुरुवार तड़के चमोली जिले के नंदानगर क्षेत्र में आई आपदा ने भारी तबाही मचाई। यहां 12 लोग लापता हो गए, जिनमें से अब तक दो शव बरामद किए गए हैं। हादसे में 20 से अधिक लोग घायल हुए, जबकि राहत-बचाव दल ने 16 घंटे बाद मलबे से एक व्यक्ति को जिंदा निकाला।
आपदा से नंदानगर के विभिन्न हिस्सों में 30 से ज्यादा घर बह गए। बताया जा रहा है कि बिनसर पहाड़ी की चोटी के दोनों ओर बादल फटने से पानी की तीन धाराएं बनीं, जिनसे सेंती लगा कुंतरी, फला लगा कुंतरी और धुरमा गांवों में भारी नुकसान हुआ। फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है।
