नैनीताल: शहर में पिछले दो दिनों से जारी मूसलाधार वर्षा ने हालात बिगाड़ दिए हैं। इस मानसून में बारिश ने बीते आठ सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। केवल तीन माह में ही 1683 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि 2017 में पूरे मानसून सीजन में 2541 मिमी वर्षा हुई थी।
लगातार हो रही बारिश से नाले उफान पर हैं और झील का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। झील 88 फीट के स्तर पर पहुंच चुकी है, जिसके बाद निकासी गेट 18-18 इंच की पूरी क्षमता से खोल दिए गए हैं। यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो 2021 जैसी स्थिति दोहराने का खतरा बढ़ सकता है, जब झील का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों तक आ गया था।
हालांकि मौजूदा समय में जलस्तर उच्चतम स्तर से एक फीट कम है, मगर जिस तेजी से पानी बढ़ रहा है, उससे सिंचाई विभाग की चिंता बढ़ गई है। विभाग का कहना है कि लगातार बारिश से झील का जलस्तर और ऊपर जाने पर आपात स्थिति बन सकती है।
