रामनगर। नैनीताल जिले के ढिकुली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक पर्यटक ने नाबालिग लड़कियों से जबरन अपना मोबाइल नंबर देने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने रिवाल्वर निकालकर धमकाया और गोली चलाने की बात कही। लेकिन ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पर्यटक को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पर्यटक मुरादाबाद का निवासी है और ढिकुली क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में ठहरा हुआ था। घटना शनिवार को उस समय हुई जब वह पास की दुकान पर सामान लेने गया। भुगतान न करने के साथ-साथ उसने नाबालिग लड़कियों को जबरन नंबर देने का प्रयास किया। विरोध होने पर उसने रिवाल्वर निकालकर धमकाना शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने किया विरोध
ग्राम प्रधान जगदीश छिम्वाल ने बताया कि आरोपी ने धमकी देते हुए भागने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने मिलकर उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी ने कमर में हाथ डालकर रिवाल्वर निकालने की कोशिश भी की। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे काबू कर लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में रिवाल्वर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही नाबालिग लड़कियों के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में भी जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
