नैनीताल: पर्यटन नगरी नैनीताल में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब उत्तर प्रदेश नंबर की एक काली थार (यू.पी.86 AQ 9909) गूगल मैप के सहारे गंतव्य तक पहुंचने के प्रयास में संकरी गली में जा फंसी। मल्लीताल स्थित जय लाल साह बाजार में पहुंचे पर्यटक अपनी गाड़ी को पहले सीढ़ियों में फंसा बैठे और फिर मुश्किल से बाहर निकलने के बाद, पास ही बनी नाली में अटक गए।
गाड़ी आगे-पीछे न कर पाने से पर्यटकों के हाथ-पांव फूल गए। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने मदद की और बमुश्किल गाड़ी को निकालकर हाईकोर्ट जाने वाले मुख्य मार्ग तक पहुंचाया।
यह घटना सुबह 8:30 से 9 बजे के बीच हुई, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। संकरी गलियों में वाहन के फंसने से पैदल राहगीरों और दुकानदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि गूगल मैप आए दिन बाहर से आने वाले पर्यटकों को गलत रास्ते में डाल रहा है। खासकर गूगल, मस्जिद तिराहे से हाईकोर्ट और के.एम.वी.एन. पेट्रोल पंप जाने वाले वाहनों को अंडा मार्किट और बड़ा बाजार की तरफ मोड़ देता है।
व्यापार मंडल की पदाधिकारी भारती कैड़ा ने कहा कि प्रशासन को चाहिए कि उचित साइन बोर्ड लगाकर सही दिशा बताई जाए, ताकि पर्यटक गलती से संकरी गलियों में न फंसें। उन्होंने यह भी बताया कि थार गाड़ी की टक्कर से पेयजल और शिविर पाइप को नुकसान पहुंचा है।
यह पहला मामला नहीं है, जब गूगल मैप के कारण वाहन चालक गलत रास्तों में फंसे हों। इससे पहले भी कई पर्यटक निर्माणाधीन सड़कों और पुलों पर भटककर बड़ी मुसीबतों में फंस चुके हैं। यहां तक कि कुछ मामलों में गूगल मैप पर भरोसा करने की वजह से लोगों की जान तक जा चुकी है।
