नैनीताल: जिले के गेठिया क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घूमने जा रहे चार पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के चार युवक—अंकित चौधरी, अभिराज, अतुल दुबे और श्याम—कार से जागेश्वर की ओर जा रहे थे। हल्द्वानी से आगे गेठिया क्षेत्र में पहुंचते ही उनकी कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही तल्लीताल थाना पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में अंकित चौधरी और अभिराज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अतुल दुबे और श्याम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
