नैनीताल। लोअर मॉल रोड पर सड़क धंसने से बड़ा हादसा होने की आशंका पैदा हो गई है। कुछ दिन पहले ही सड़क की दरारों पर सीमेंट लगाकर मरम्मत की गई थी, लेकिन सोमवार देर शाम सड़क करीब 1 फुट तक नीचे बैठ गई। लगातार बारिश और नमी के चलते मरम्मत का काम बेअसर साबित हुआ और सड़क फिर से धंस गई।
सड़क धंसने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह रोक दिया है। अब वाहनों को इंडिया होटल से ऊपर मॉल रोड होकर मल्लीताल की ओर भेजा जा रहा है ताकि कोई दुर्घटना न हो।
घटना की जानकारी मिलते ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का आकलन किया और स्थायी मरम्मत का कार्य जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लोअर मॉल रोड पर लंबे समय से दरारें पड़ रही थीं, जो लगातार बारिश से और गंभीर हो गईं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि धंसी सड़क के पास न जाएं और वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।
