हल्द्वानी: पढ़ाई में बेहद होनहार 22 वर्षीय सचिन पलाड़िया ने शनिवार शाम अज्ञात कारणों के चलते अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। काफी देर तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर जब परिजनों ने कुंडा तोड़कर अंदर देखा तो सचिन रस्सी के फंदे पर लटका मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से ग्राम सभा पिन्नौरा ट्यूना (छोटा कैलाश) निवासी हरिश्चंद्र पलाड़िया का बेटा सचिन पलाड़िया हल्द्वानी के छड़ैल क्षेत्र में अपने चाचा के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसने यहीं से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की थी। पढ़ाई में हमेशा अव्वल रहने वाले सचिन ने हाईस्कूल में 93.6 प्रतिशत अंक हासिल किए थे और प्रदेश में 23वीं रैंक प्राप्त की थी।
इसके बाद सचिन बनारस स्थित विश्वविद्यालय में बीए की पढ़ाई करने चला गया। परिजनों के अनुसार उसका सपना देश सेवा का था और उसने सीडीएस की लिखित परीक्षा भी उत्तीर्ण कर ली थी। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे सचिन को बरामदे में रखे ड्रॉअर से स्टूल निकालते हुए देखा गया, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि वह दिनभर अकेले में कुछ तनाव से गुजर रहा था।
शाम तक जब सचिन कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा अंदर से बंद था। जोर से धक्का देने पर दरवाजा खुला और अंदर का दृश्य देख सभी सन्न रह गए। आनन-फानन में सचिन को सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम हाउस में देर तक रिश्तेदारों और परिचितों की भीड़ लगी रही। होनहार युवक की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
