ज्योलीकोट हल्द्वानी हादसा
नैनीताल: शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे ज्योलीकोट–हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ज्योलीकोट बाजार से आगे एक संकरे मोड़ पर सब्जी से भरे ट्रक और मोटर साइकिल की टक्कर में कालाढुंगी निवासी दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई।
मिल रही जानकारी के अनुसार ट्रक (नंबर UK04CB-0678) हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान मोटर साइकिल (नंबर UK04-AP-7847) में सवार मेहताब आलम पुत्र सैफुद्दीन और सुहैल पुत्र हसन ज्योलीकोट से हल्द्वानी की ओर लौट रहे थे। संकरे मोड़ पर दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई, जिससे बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को निजी वाहन से इलाज के लिए हल्द्वानी भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही गंभीर रूप से घायल सुहैल ने दम तोड़ दिया। मेहताब का उपचार जारी है।
टक्कर के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
