हल्द्वानी: त्योहारों के बीच एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया जब गजक के डिब्बे में रखे ढाई लाख रुपये गायब होने से एक कारोबारी के होश उड़ गए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और महज़ कुछ घंटों में पूरी रकम बरामद कर व्यापारी को सौंप दी।
घटना नवाबी रोड स्थित जगदंबानगर क्षेत्र की है, जहाँ खीम चंद्र जोशी की “जोशी गजक भंडार” नाम से दुकान है। उन्होंने काउंटर के पास एक गजक के डिब्बे में ₹2.50 लाख रखे थे। शुक्रवार दोपहर वे कुछ समय के लिए घर चले गए, तभी एक महिला गजक का ऑर्डर देने दुकान पर पहुंची। कर्मचारी ने गलती से गजक के ऑर्डर में वही रुपये वाला डिब्बा महिला को दे दिया।
जब कारोबारी लौटे तो रुपयों से भरा डिब्बा गायब मिला। उन्होंने तुरंत आसपास की दुकानों के CCTV फुटेज चेक कर महिला की गाड़ी की जानकारी ली और पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कुसुमखेड़ा निवासी महिला का पता लगाया और एएसपी प्रकाश चंद्र की मौजूदगी में पूरी राशि व्यापारी को वापस दिलाई।
इस ईमानदारी और तत्परता पर व्यापारी ने पुलिस टीम का आभार जताया। टीम में सीसीटीवी प्रभारी जितेंद्र बुराठोकी, आराधना, निहाल उपाध्याय और कांस्टेबल राजेंद्र बिष्ट शामिल रहे।
