रामनगर: नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी मंगलवार, 16 दिसंबर को रामनगर कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने दो बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। पहली घटना में पुलिस ने करीब 12 लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण बरामद किए हैं, हालांकि दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं दूसरी चोरी के मामले में पुलिस ने लगभग 30 लाख रुपये की ज्वैलरी बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि 3 नवंबर 2025 को रामनगर स्थित टीयारा रिजॉर्ट में विवाह समारोह के दौरान शातिर चोरों ने एक बैग चोरी कर लिया था। बैग में करीब 12 लाख रुपये नकद, सोने के कीमती आभूषण और एक मोबाइल फोन रखा हुआ था। इस संबंध में पीड़ित विकास अग्रवाल निवासी संभल (उत्तर प्रदेश) की तहरीर पर 13 नवंबर को कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 400/25 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे और कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान होटल स्टाफ से पूछताछ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दो संदिग्ध सामने आए।
जांच में दोनों आरोपियों का संबंध मध्य प्रदेश के कुख्यात सांसी गैंग से पाया गया। पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश में दबिश दी, लेकिन आरोपी फरार मिले। बाद में सूचना मिली कि कुणाल और अभिनव निवासी जिला राजगढ़ (मध्य प्रदेश) चोरी के माल का बंटवारा कर रहे हैं। पुलिस के पहुंचते ही दोनों जंगल और दुर्गम क्षेत्र का फायदा उठाकर फरार हो गए। हालांकि मौके से चोरी किया गया बैग बरामद कर लिया गया, जिसमें 12 लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी और कान की बालियां मिलीं। आरोपियों की तलाश जारी है।
एसएसपी ने बताया कि यह गैंग बड़े होटल और रिसॉर्ट में होने वाले शादी समारोहों में मेहमान बनकर शामिल होता है और मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम देता है।
इसी प्रेस वार्ता में एसएसपी ने दूसरी चोरी का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 8 दिसंबर को रामनगर निवासी सुमन पत्नी नरेंद्र के घर से करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और सोने के बिस्किट चोरी हो गए थे। इस मामले में 15 दिसंबर को कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 414/25 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर 16 दिसंबर को रामनगर रेलवे भूमि के पास से नवदीप शर्मा निवासी आरके पुरम तिरुमला को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से दो सोने के बिस्किट, दो चूड़ियां और दो कड़े बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। पीड़ित द्वारा मौके पर आभूषणों की पहचान की गई।
सफल खुलासे पर एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को 2500 रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि शादी समारोहों और घरों में सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
