हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान सोमवार को गहमागहमी और हंगामे का माहौल देखने को मिला। कॉलेज गेट के बाहर दो छात्र गुट आपस में भिड़ गए, जिसके चलते धक्का-मुक्की और हल्की झड़प हो गई। इसी दौरान कुछ बाहरी तत्व भी वहां आ पहुंचे और हंगामा करने लगे, जिससे हालात और बिगड़ गए।
स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ा और कुछ छात्रों को पकड़कर सख्ती भी दिखाई। अचानक हुए बवाल के चलते कॉलेज गेट और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
छात्रसंघ चुनाव को लेकर इस बार कॉलेज में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अध्यक्ष पद के लिए कमल बोरा और अभिषेक गोस्वामी के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। बढ़ते चुनावी जोश और संभावित बवाल को देखते हुए कॉलेज परिसर और गेट पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। साथ ही छात्रों के किसी भी तरह के हुड़दंग को रोकने के लिए पुलिस लगातार अलर्ट पर रहेगी।
