नैनीताल। नैनीताल जिले के कोटाबाग ब्लॉक क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां बगजाला नहर की थाम में सफाई कार्य कर रहे मजदूर अचानक पहाड़ी से गिरे भारी मलुवे (मलबे) में दब गए। देखते ही देखते दो मजदूर गर्दन तक मलुवे में फंस गए, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, कोटाबाग के बगजाला–फतेहपुर क्षेत्र में सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके चलते आंवलाकोट क्षेत्र में सिंचाई के पानी की भारी किल्लत हो गई थी। सिंचाई विभाग ने नहर से मलवा हटाने और मरम्मत कार्य शुरू कराया था। सुबह करीब 11 बजे जैसे ही मजदूर सफाई का काम कर रहे थे, तभी अचानक ऊपर से पहाड़ी दरकी और भारी मलुवा नहर में आ गिरा। इस दौरान वहां काम कर रहे दो नेपाली मूल के श्रमिक मलुवे में दब गए।
घटना के बाद साथी मजदूरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया और ग्राम प्रधान व प्रशासन को सूचना दी। थोड़ी ही देर में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद आपदा कंट्रोल और एसडीआरएफ की टीम नैनीताल से बुलाई गई। हालांकि, रेस्क्यू टीमों से पहले ही ग्रामीणों और मजदूरों ने मशक्कत कर दोनों श्रमिकों को गर्दन तक दबे मलुवे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों मजदूरों को तत्काल बाहर निकालकर चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है।
इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि पहाड़ी से लगातार मलुवा गिरने का खतरा बना रहता है, ऐसे में मजदूरों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जरूरी हैं।
