रुड़की: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में शनिवार, 29 नवंबर को भीषण सड़क हादसा हो गया। खनन से भरी ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक सवार दो लोगों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में गुस्सा फैल गया और उन्होंने सड़क पर जाम लगाकर पुलिस को शव उठाने से रोक दिया।
जानकारी के अनुसार हद्दीपुर–इब्राहिमपुर मसाई कलां मार्ग पर खनन सामग्री ले जा रही ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चंद्र प्रधान (60 वर्ष) और मटरू (40 वर्ष) निवासी इब्राहिमपुर मसाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना फैलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और आक्रोश में सड़क जाम कर दिया।
ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने नहीं दिया और आरोप लगाया कि क्षेत्र में खनन वाहनों का अनियंत्रित संचालन पुलिस की लापरवाही का परिणाम है। मौके पर माहौल तनावपूर्ण होने पर कई थानों की फोर्स मौके पर बुलाई गई।
स्थिति को देखते हुए सीओ रुड़की नरेंद्र पंत भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण तब तक कोई कदम उठाने को तैयार नहीं थे जब तक कि मृतकों के परिजनों को मुआवजे का आश्वासन नहीं दिया जाता।
लंबी बातचीत के बाद ग्रामीण माने और सड़क जाम खोला। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि शनिवार को ही हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र में दो ट्रकों की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हुआ।
