हल्द्वानी: शहर में महिलाओं के मोबाइल चोरी करने वाले झारखंड के दो शातिर चोरों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी 30 जनवरी को मंगलपड़ाव सब्जी मंडी और सदर बाजार में अलग-अलग जगह दो महिलाओं के मोबाइल चोरी कर फरार हो गए थे। पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
कोतवाल विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद शनिवार को मंडी बाईपास से सुजन मुखर्जी निवासी छोटा तितुलिया हाथीघर जिला साहिबगंज झारखंड और मन्नी नोनिया निवासी ग्राम बाओपुर थाना तीन पहाड़ जिला साहिबगंज झारखंड को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के पास से चोरी किए गए मोबाइल भी बरामद कर लिए गए हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों युवक बेहद शातिर हैं और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए एक बच्चे का सहारा लेते थे। बच्चा वारदात के दौरान साथ रहता था ताकि शक न हो और पकड़े जाने की स्थिति में माल उसके पास न मिले। हालांकि बच्चा अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह घुमंतू प्रवृत्ति का है और इनके पते की भी तस्दीक की जा रही है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि दोनों आरोपियों का रूट चार्ट खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इससे पहले उन्होंने कहां-कहां चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
