नैनीताल: बिंदुखत्ता के इंदिरा नगर द्वितीय के होनहार छात्र उदय पांडे ने क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उदय का चयन देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल, बेंगलुरु में कक्षा 9 के लिए हुआ है। बचपन से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उदय, नैनी वैली सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र रहे हैं।
उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पिता दिनेश चंद्र पांडे और माता हेमा पांडे ने इसे अपने जीवन का गर्वपूर्ण क्षण बताया। स्थानीय लोगों और विद्यालय परिवार ने भी उदय को बधाइयाँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल में प्रवेश पाने के लिए उदय की मेहनत और समर्पण अब क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गए हैं। शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी उपलब्धियां युवाओं में अनुशासन, देशप्रेम और नेतृत्व क्षमता का विकास करती हैं।
