काशीपुर: उधमसिंहनगर जिले के जसपुर क्षेत्र में एक 13 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या किए जाने का दर्दनाक मामला सामने आया है। घटना से पूरे क्षेत्र में गहरा आघात और गुस्से का माहौल है। दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जसपुर-काशीपुर हाईवे जाम कर दिया, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार बच्ची घर से कुछ ही दूरी पर गन्ने के खेत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। उसके शरीर पर कई जगह गहरे घाव थे, हाथ की हड्डियाँ टूटी हुई थीं और कपड़े खून से सने हुए थे। परिजनों ने उसे तुरंत सरकारी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि उसके शरीर पर चाकू से काटे जाने जैसे कई घाव थे और मृत्यु से पहले उसे गंभीर यातना दी गई थी।
परिजनों का आरोप है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई। परिवार ने कहा कि उसकी देह पर कई चोटों के निशान हैं। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में शोक और गुस्से का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और सड़कों पर इकट्ठा हो गए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
पुलिस की सक्रियता और कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुँचीं। जसपुर क्षेत्राधिकारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच गंभीरता से की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दोषियों को जल्द पकड़कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनप्रतिनिधियों ने दी न्याय दिलाने की अपील
विधायक आदेश चौहान और बीजेपी जिला अध्यक्ष मनोज पाल अस्पताल पहुँचे। उन्होंने इस घटना को समाज के लिए बेहद दुखद बताते हुए कहा कि दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की और परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
ग्रामीणों ने जताया आक्रोश, हाईवे जाम कर प्रदर्शन
ग्रामीणों ने जसपुर-काशीपुर हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और कहा कि जब तक दोषियों को गिरफ्तार कर कठोर सजा नहीं दी जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। अस्पताल परिसर में भी भारी भीड़ जुटी रही और प्रशासन से तुरंत न्याय की मांग की गई।
पुलिस ने बताया कि अभी परिजनों की ओर से औपचारिक तहरीर नहीं मिली है, लेकिन मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का पता चल सकेगा। प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग की अपील की है।
