रुद्रपुर: उधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब नानक सागर डैम के पास दो नाबालिग छात्राएं दो युवकों के साथ संदिग्ध अवस्था में घूमती दिखाई दीं। छात्राओं ने स्कूल ड्रेस के ऊपर बुर्का पहन रखा था, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान एक युवक मौके से भागने में सफल रहा, जबकि दूसरा युवक मौके पर ही पकड़ में आ गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। वहीं दोनों छात्राओं के परिजनों को मामले की जानकारी दी गई।
थाने पहुंचकर छात्राओं के पिता ने आरोप लगाया कि युवकों ने उनकी बेटियों को बहला-फुसलाकर नानकमत्ता लाया।
परिजनों की तहरीर के आधार पर नानकमत्ता पुलिस ने दोनों संदिग्ध युवकों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा युवक फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों की सतर्कता से खुला मामला
पुलिस के अनुसार, दोनों नाबालिग छात्राएं सुबह घर से स्कूल के लिए निकली थीं। डैम क्षेत्र में संदिग्ध स्थिति देखकर कुछ स्थानीय लोगों ने युवकों से पूछताछ की, जिसके बाद मामला सामने आया।
पुलिस जांच जारी
थानाध्यक्ष नानकमत्ता उमेश कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है और फरार युवक को जल्द पकड़ने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
