नैनीताल/हल्द्वानी: दीपावली के बाद नैनीताल ज़िले में बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान देखने को मिला। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत सभी नगर निकायों ने मिलकर लगभग 1000 मेट्रिक टन ठोस अपशिष्ट एकत्र और निस्तारित किया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य दीपावली के बाद नगर क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण-मुक्त बनाना था। इस दौरान नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम, नैनीताल, भीमताल, भवाली, रामनगर, कालाढूंगी और लालकुआं नगर निकायों ने संयुक्त रूप से सफाई कार्यों को तीव्र गति दी।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार विशेष रूप से उन स्थलों पर सफाई कराई गई, जहां दीपावली के दौरान पटाखों और अन्य सामग्रियों के कारण अधिक मात्रा में कचरा जमा हो गया था। सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर उन्हें पूरी तरह स्वच्छ बनाया गया।
अभियान के दौरान प्रतिदिन औसतन 300 मेट्रिक टन अपशिष्ट का निस्तारण किया गया, जो सामान्य दिनों की तुलना में कहीं अधिक था। यह प्रयास स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी और प्रशासनिक तत्परता का प्रतीक माना जा रहा है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अभियान में भाग लेने वाले सभी नगर निकायों, अधिकारियों और सफाई कर्मियों की सराहना करते हुए कहा —
“स्वच्छता सिर्फ एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि यह जनआंदोलन है। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही हम अपने नगरों को स्वच्छ और सुंदर बना सकते हैं।”
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास सफाई बनाए रखने में सहयोग करें ताकि नैनीताल जिला स्वच्छता की दिशा में एक आदर्श उदाहरण बन सके।
