हल्द्वानी: SSP मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देश, कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा कसना शुरू, शहर में हर तरफ पुलिस, PAC और अतिरिक्त बल की तैनाती।
हल्द्वानी में रविवार को नवजात पशु का सिर मिलने की सूचना पर कुछ ही देर में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने तत्काल अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने आसपास के सभी CCTV कैमरों की गहन जांच की, जिसमें साफ दिखाई दिया कि एक कुत्ता जंगल की ओर से यह अवशेष उठाकर लाता है। स्थानीय स्तर की जांच में भी यह पुष्टि हुई कि यह हिस्सा जंगल क्षेत्र से आया है, संभवत: किसी पशु के ब्याने के बाद।
तथ्यों की पुष्टि होने पर पुलिस ने संबंधित संगठनों को पूरी जानकारी साझा की, जिसके बाद माहौल शांत हुआ। पुलिस ने अवशेष को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसके बावजूद, कुछ असामाजिक तत्वों ने बिना कारण भीड़ इकट्ठा कर उपद्रव, हंगामा और तोड़फोड़ की कोशिश की, जो पूरी तरह कानून व्यवस्था के विरुद्ध है। पुलिस इन सभी उपद्रवियों की पहचान कर रही है और उनके खिलाफ सबसे कठोर कार्रवाई की तैयारी में है।
शहर को पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए—
चार क्षेत्राधिकारी (CO), सभी थानाध्यक्ष, भारी संख्या में पुलिस बल एवं PAC को फील्ड में तैनात कर दिया गया है।
PHQ और रेंज से अतिरिक्त पुलिस बल भी भेजा गया है, जबकि जरूरत पड़ने पर पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती भी की जाएगी। पूरे शहर में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और हर संवेदनशील इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है।
नैनीताल पुलिस का सख्त संदेश
शहर में कोई भी उपद्रवी दिखा तो उसके खिलाफ तुरंत कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
कानून व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
शहरभर में अभिसूचना कर्मियों की तैनाती है, उपद्रवियों की वीडियोग्राफी कर पहचान की जा रही है।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने या विवादित टिप्पणी करने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस की अपील
जनपद पुलिस आमजन से शांति बनाए रखने, संयम बरतने और किसी भी तरह की अफवाह से दूर रहने की अपील करती है। बिना पुष्टि के किसी भी सूचना को आगे न बढ़ाएं और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
मीडिया सैल
