हरिद्वार: सुबह लक्सर–हरिद्वार मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। कनखल थाना क्षेत्र के जियापोता गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों के शरीर के कई हिस्से सड़क पर बिखर गए। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने गुस्से में सड़क जाम कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक वासिक (19) और साकिब (21) कटारपुर गांव के निवासी थे। दोनों सुबह पासपोर्ट से जुड़े काम के लिए देहरादून जा रहे थे। जियापोता गांव के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही एक अन्य बाइक से हल्की टक्कर हुई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें रौंद दिया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने सड़क पर बिखरे शरीर के हिस्सों को भी एकत्र किया।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक साकिब की पत्नी आठ महीने की गर्भवती है। घर में माता-पिता और चार भाइयों का परिवार था, लेकिन एक ही हादसे में दो बेटों की मौत से परिजन सदमे में हैं।
पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। डंपर चालक की तलाश की जा रही है और पूरे मामले में जांच जारी है।
