हरिद्वार: श्यामपुर थाना क्षेत्र में हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस के अनुसार बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे कनखल निवासी अक्षत (22) और श्रद्धा जोशी (20) स्कूटी से हरिद्वार से श्यामपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे तिरछे पुल के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कंटेनर ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और कंटेनर उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। मृतक युवक और युवती क्षेत्र के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रहे छात्र बताए जा रहे हैं।
हादसे के चलते निर्माणाधीन हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सिंगल रोड होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों को धीरे-धीरे निकलवाते हुए जाम खुलवाया, जिसके बाद घंटों बाद यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकी।
श्यामपुर थानाध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फरार कंटेनर चालक और वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।
