प्रतीकात्मक तस्वीर.
हरिद्वार: जिले के पथरी थाना क्षेत्र में स्थित फेरूपुर रामखेड़ा गांव में 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, किशोरी ने किसी अज्ञात जानलेवा पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल हरिद्वार स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच शुरू की। किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है, ताकि मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, परिवार ने बताया कि किशोरी किसी बात को लेकर अपने पिता से नाराज थी, और इसी तनाव में उसने यह कदम उठाया हो सकता है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पथरी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने कहा कि घटना गंभीर है और तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
