देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पहाड़ी जिलों में जहां बारिश का दौर शुरू हो गया है, वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे राज्य के लिए अहम बताए हैं।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि आने वाले दो दिनों तक राज्यभर में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान देहरादून, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
4000 फीट से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी संभावित आपदाओं से निपटने के लिए राहत दलों को अलर्ट मोड पर रखा है।
राज्य में मौसम की यह सक्रियता न केवल तापमान पर असर डालेगी, बल्कि यातायात और जलस्तर पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है।
