लक्सर (हरिद्वार):: दीपावली की रात हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां भिक्कमपुर गांव में पटाखे जलाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि 60 वर्षीय बुजुर्ग ने गुस्से में तीन युवकों पर तेजाब फेंक दिया। घटना में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि दो युवक आंशिक रूप से घायल हुए हैं।
तेजाब फेंकने की इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों ने आरोपी बुजुर्ग गोवर्धन को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायल आरोपी सहित झुलसे युवकों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
जानकारी के अनुसार, दीपावली की रात सौरभ, राहुल और दीपक नामक तीन युवक पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान गोवर्धन से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और उसने अचानक तेजाब फेंक दिया। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त बुजुर्ग नशे की हालत में था।
भिक्कमपुर चौकी इंचार्ज वीरेंद्र सिंह ने बताया कि “घटना की जांच की जा रही है। आरोपी और घायलों दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”
घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि आरोपी बुजुर्ग के पास तेजाब आया कहां से? कानून के मुताबिक, एसिड की बिक्री पर कड़ी पाबंदी है और इसे केवल उचित कारण बताकर ही खरीदा जा सकता है। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि तेजाब कहां से लाया गया था और इसे कैसे हासिल किया गया।
