प्रतीकात्मक तस्वीर.
उत्तराखंड: रानी पुर कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-5 स्थित लेबर कॉलोनी में एक दर्दनाक घटना हुई, जिसमें पति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी मंजू देवी (40) की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार देर रात की है। घनश्याम निवासी लेबर कॉलोनी, बीएचईएल सेक्टर-5, अपनी पत्नी मंजू देवी से किसी बात को लेकर झगड़ा करने लगा। झगड़ा इतना बढ़ गया कि उसने घर में मौजूद भारी वस्तु से मंजू के सिर पर कई बार वार कर दिया। वारों के तुरंत बाद महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना उनके बेटे श्रेयांश ने पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार और टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेजा गया। सोमवार शाम आरोपी घनश्याम को भेल क्षेत्र से हिरासत में ले लिया गया और उससे पूछताछ जारी है।
मंजू देवी के पिता कलवा की तहरीर पर घनश्याम और उसके भाई रोहिताश तथा भतीजे सौपिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, घनश्याम पहले भेल में संविदा कर्मचारी रह चुका है और अब सिडकुल क्षेत्र की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। वह शराब का सेवन करता था और अक्सर पत्नी से झगड़ा करता था।
घटना के पीछे जमीनी विवाद भी बताया जा रहा है। मंजू के पिता का आरोप है कि घनश्याम और उसके परिजन पिछले 20 वर्षों से मंजू को जमीन के मामले में परेशान कर रहे थे। आरोपी ने कुछ दिन पहले मंजू को जमीन उसके नाम करने के लिए दबाव डाला था, जिसे उसने मना कर दिया। उसी झगड़े के दौरान यह घटना हुई।;
