हरिद्वार: हरिद्वार के कनखल क्षेत्र की न्यू विष्णु गार्डन कॉलोनी में मंगलवार देर रात एक व्यक्ति मृत अवस्था में पाया गया। बताया जा रहा है कि वह सिडकुल की एक कंपनी में क्वालिटी कंट्रोलर के पद पर कार्यरत था। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि कमरे में गैस भरने से दम घुटने के कारण उसकी मृत्यु हुई।
पुलिस ने मृतक की पहचान लव कुमार (35) पुत्र सुंदर लाला, निवासी न्यू विष्णु गार्डन, कनखल के रूप में की है। वह बीते कुछ समय से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था और तनाव में बताया जा रहा है।
घटना से पहले लव कुमार 33ने अपनी पत्नी को एक व्हाट्सएप संदेश भेजा था, जिसमें उसने अपने मन की बात लिखी और उसे चिंता न करने को कहा।
पुलिस के अनुसार, जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़ने पर व्यक्ति कमरे में मृत पाया गया। कमरे में हीटर और जले हुए कोयले भी मिले हैं।
परिजनों के अनुसार, लव कुमार कुछ समय से मानसिक तनाव में था। बताया गया कि वह शराब पीने का आदी था और इसी कारण उसकी पत्नी कुछ समय पहले बच्चों को लेकर मायके चली गई थी।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
