उत्तराखंड: टिहरी जिले के नरेंद्रनगर के कुंजापुरी मंदिर के पास सोमवार को एक बड़ी सड़क दुर्घटना हो गई। कुंजापुरी दर्शन के लिए गुजरात से आए 29 यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 70 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही जिला नियंत्रण कक्ष ने पुलिस और एसडीआरएफ को तुरंत अलर्ट किया।
सोमवार दोपहर थाना नरेंद्रनगर क्षेत्र के कुंजापुरी–हिंडोलाखाल मार्ग पर इस हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी, पुलिस टीमें और एसडीआरएफ के रेस्क्यू दल मौके के लिए रवाना हुए। सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर पोस्ट ढालवाला, पोस्ट कोटि कॉलोनी और मुख्यालय से कुल पांच एसडीआरएफ टीमें तुरंत घटना स्थल पर भेजी गईं।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के साथ मिलकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया। खाई में गिरी बस से घायलों को निकालना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन रेस्क्यू टीमें लगातार काम करती रहीं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट के अनुसार, हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है, जिनमें चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं।
घायलों में से 3 को एम्स ऋषिकेश में रेफर किया गया है जबकि 4 को श्रीदेव सुमन उप जिला चिकित्सालय नरेंद्रनगर में भर्ती कराया गया है।
इसके अलावा 17 यात्री सामान्य स्थिति में बताए जा रहे हैं।:
