प्रतीकात्मक तस्वीर
देहरादून: जिले के चकराता तहसील क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक गर्भवती दलित महिला ने गांव के ही एक युवक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला की लिखित शिकायत पर राजस्व पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले को रेगुलर पुलिस के पास भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
महिला ने 1 दिसंबर को नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल को अपनी लिखित तहरीर सौंपी। तहरीर में बताया गया कि वह मूल रूप से चकराता क्षेत्र के एक गांव की निवासी है और वर्तमान में अपने परिवार के साथ विकासनगर में रहती है। 21 नवंबर को बूढ़ी दिवाली के अवसर पर वह अपने पति और बच्चों के साथ गांव आई थी। इस दौरान महिला छह माह की गर्भवती भी थी।
28 नवंबर को महिला घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित पंणियार (पानी का स्रोत) पर कपड़े धोने गई थी। इसी दौरान गांव का एक युवक वहां पहुंचा और महिला को जबरन पकड़कर नजदीक बने शौचालय में घसीट ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। महिला ने तहरीर में बताया कि वह कई बार चिल्लाना चाहती थी, लेकिन आरोपी ने उसका मुंह दबाकर बंद रखा।
,
नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है। मामला महिला अपराध से संबंधित होने के कारण इसे रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित किया जा रहा है, ताकि निष्पक्ष और प्रभावी जांच सुनिश्चित हो सके। अधिकारियों को इस संबंध में रिपोर्ट भी भेज दी गई है।
महिला आयोग सख्त, तत्काल कार्रवाई के आदेश
मामले पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए इसे अत्यंत दुखद और निंदनीय बताया है। महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए झकझोर देने वाली हैं और ऐसी मानसिकता बिल्कुल अस्वीकार्य है।
उन्होंने उपजिलाधिकारी चकराता प्रेम लाल को फोन पर निर्देशित किया कि मामला तुरंत राजस्व पुलिस से रेगुलर पुलिस को ट्रांसफर किया जाए, ताकि त्वरित और निष्पक्ष जांच हो सके। जिलाधिकारी देहरादून और एसपी देहात पंकज गैरोला को भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
महिला आयोग ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की मॉनिटरिंग लगातार की जाएगी और पीड़िता को हर संभव न्याय दिलाया जाएगा।
