देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष पर आज से उत्सव कार्यक्रमों की औपचारिक शुरुआत हो रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य की अब तक की उपलब्धियों, चुनौतियों और आगामी विकास योजनाओं का खाका पेश करेंगे।
मुख्यमंत्री धामी अपनी सरकार के कार्यकाल की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे और आने वाले वर्षों के लिए राज्य के विकास का रोडमैप साझा करेंगे। उन्होंने कहा कि यह अवसर न केवल 25 वर्षों की यात्रा का उत्सव है बल्कि आने वाले समय के लिए एक नई दिशा तय करने का संकल्प भी है।
राज्य स्थापना दिवस से पहले 3 नवंबर को विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी शामिल होंगी। वहीं 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति प्रस्तावित है। दोनों ही कार्यक्रमों की तैयारियां प्रशासनिक स्तर पर पूरी कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दो दिवसीय विधानसभा विशेष सत्र में प्रदेश के विकास, 25 वर्ष की यात्रा और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि पक्ष और विपक्ष मिलकर राज्य के लिए एक संयुक्त रोडमैप तैयार करेंगे, जिससे उत्तराखंड को देश के अग्रणी और आदर्श राज्यों की श्रेणी में लाया जा सके।
सीएम धामी ने कहा, “यह हमारे राज्य के लिए गौरव का क्षण है। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री जैसे प्रेरक व्यक्तित्वों की उपस्थिति राज्यवासियों के उत्साह को और बढ़ाएगी। रजत जयंती वर्ष का उद्देश्य उत्तराखंड को नई ऊर्जा और सकारात्मक दिशा देना है।”
