उत्तराखंड/चंडीगढ़:: दीपावली के दिन जहां हर घर में रोशनी और खुशियां बिखरी हुई थीं, वहीं सेक्टर–40 स्थित एक घर में खून से सनी खामोशी फैल गई। उत्तराखंड मूल की महिला सुशीला नेगी (39) की हत्या उसके ही बेटे ने कर दी। आरोपी ने मां का गला काटकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और फरार बेटे की तलाश जारी है।

मृतका सुशीला नेगी मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल जिले के बरसी भटौली गांव की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि दीपावली की सुबह करीब सात बजे उनके घर से चीखने की आवाजें आने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। जब दरवाजा नहीं खुला, तो लोग छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। अंदर का नज़ारा देखकर सभी के होश उड़ गए सुशीला खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थीं।

पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि महिला का बेटा रवि, जो पंजाब यूनिवर्सिटी में नौकरी करता है, हत्या के बाद फरार हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पत्नी और बेटी अलग रहती हैं और कुछ महीने पहले ही वह अपनी मां के पास रहने आया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी अपने साथ ले गया है। हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद या मानसिक तनाव को कारण माना जा रहा है। फिलहाल आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं।
