उत्तराखंड मौसम अपडेट
देहरादून: उत्तराखंड के कुछ जिलों में आज मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार भी जताए गए हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड बढ़ने की संभावना है।
विभाग ने इस सप्ताह के लिए पर्वतीय क्षेत्रों और घाटी वाले इलाकों को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। खासकर सुबह और रात के समय पहाड़ों और घाटियों में कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रह सकता है, लेकिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
