
उत्तराखंड शासन ने बड़ा फैसला लेते हुए आईएएस आनंद वर्धन को प्रदेश का अगला मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वर्तमान मुख्य सचिव राधा रतूड़ी का कार्यकाल 31 मार्च को समाप्त हो रहा है, जिसके बाद 1 अप्रैल 2025 से आनंद वर्धन इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। शासन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कार्यहित में उन्हें इस पद पर तैनात करने का निर्णय लिया गया है और उन्हें निर्धारित तिथि पर पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
वर्तमान में आनंद वर्धन उत्तराखंड शासन में अपर मुख्य सचिव के रूप में कार्यरत हैं। वे 1992 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और अपनी वरिष्ठता के कारण मुख्य सचिव पद की दौड़ में सबसे आगे थे। उनकी प्रशासनिक दक्षता को देखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है। वे 2027 में सेवानिवृत्त होंगे।
आनंद वर्धन के कार्यकाल से प्रदेश की नौकरशाही में नए बदलावों की उम्मीद की जा रही है। उनकी नियुक्ति से शासन प्रशासन में और अधिक प्रभावी निर्णय लेने की प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी।