उत्तराखंड मौसम अपडेट
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड में बुधवार और गुरुवार को मौसम पूरी तरह शुष्क रहने वाला है। राज्य के सभी 13 जिलों में इन दो दिनों के दौरान न तो बारिश होगी और न ही बर्फबारी की संभावना है।
हालांकि शुक्रवार 27 फरवरी से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने गढ़वाल मंडल के सीमांत जिलों उत्तरकाशी और चमोली तथा कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश का अनुमान जताया है। इन तीनों जिलों में 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। इसके अलावा राज्य के बाकी 10 जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
फरवरी महीने का समापन भी बदले हुए मौसम के साथ होने के आसार हैं। 28 फरवरी को भी उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में सामान्य मौसम रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मार्च की शुरुआत फिलहाल सामान्य रहने की संभावना है। 1 और 2 मार्च को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और बारिश या बर्फबारी का कोई पूर्वानुमान नहीं है। अगले दो से तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं। आने वाले तीन से चार दिनों में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
उत्तराखंड में मौसम के इस बदलाव को देखते हुए ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
