रुद्रपुर: रामपुर-नैनीताल हाईवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिवनगर निवासी सचिन राठौर अपने दोस्त नितिन राठौर के साथ एक पार्टी से वापस घर लौट रहा था। रात करीब साढ़े 11 बजे जब दोनों सब्जी मंडी गेट के सामने पहुंचे, तभी अचानक उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि सचिन बाइक से उछलकर सीधे डिवाइडर में लगे लोहे के एंगल पर जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि लोहे का एंगल उसकी गर्दन में धंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठा उसका साथी नितिन दूर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
दूसरी ओर, मृतक सचिन के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पर बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के कारणों का सही पता लगाया जा सके।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना इस हादसे की मुख्य वजह हो सकती है। पुलिस का कहना है कि मामले में परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर लापरवाही और तेज रफ्तार के खतरनाक नतीजों की याद दिला गया है।
