उत्तराखंड मौसम अपडेट
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आने वाले दिनों के लिए बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, 2 अक्टूबर के बाद से राज्य में मौसम का रुख बदल जाएगा और विशेषकर 5 व 6 अक्टूबर 2025 को कई जिलों में तीव्र से अति-तीव्र बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में तेज गर्जना, चमकदार बिजली और भारी वर्षा की संभावना है। वहीं, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चंपावत और उधम सिंह नगर में भी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने के आसार बने हुए हैं।
नागरिकों को इस दौरान अनावश्यक यात्रा और बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। विभाग ने खासतौर पर खेतों में काम कर रहे किसानों को सतर्क रहने और सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है। यह चेतावनी संभावित आपदा से पहले सावधानी बरतने और तैयार रहने का संकेत मानी जा रही है।
