देहरादून: उत्तराखंड में मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून ने 27 जनवरी 2026 की शाम 7 बजे जारी पूर्वानुमान में बताया है कि आज 28 जनवरी को प्रदेश के कई जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अतिवृष्टि के चलते भूस्खलन, बोल्डर गिरने, जलभराव और सड़कों के बाधित होने जैसी स्थितियां बन सकती हैं। संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन सभी शैक्षणिक संस्थानों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
मौसम अलर्ट के चलते आज अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, उधम सिंह नगर, उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और पौड़ी गढ़वाल जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके साथ ही इन जिलों के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि आदेशों का सख्ती से पालन कराया जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए।
