हल्द्वानी। शहर के काठगोदाम इलाके में एक व्यक्ति का शव शुक्रवार सुबह संदिग्ध हालत में फंदे से लटका मिला। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव को नीचे उतारकर चारपाई पर लिटा दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थानाध्यक्ष दीपक बिष्ट ने बताया कि मृतक की पहचान नंदकिशोर (44) पुत्र महेश लाल, निवासी प्रतापगढ़ी काठगोदाम के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी सीमा और छह बेटियों के साथ रहता था। दोनों पति-पत्नी मजदूरी कर परिवार चलाते थे।
पत्नी सीमा के मुताबिक, गुरुवार रात सभी खाना खाकर सो गए थे। तड़के करीब चार बजे जब उसकी नींद खुली तो देखा कि नंदकिशोर छत के कुंडे में साड़ी से बने फंदे से लटके हुए थे। उनके पैर टेबल पर टिके थे।
मामले की जांच कर रहीं महिला उपनिरीक्षक नीतू सिंह ने बताया कि परिजनों ने नंदकिशोर के शराब पीने और हंगामा करने की आदत के बारे में बताया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही लग रहा है, फिर भी जांच जारी है।