लालकुआं: लालकुआं क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां हल्द्वानी से किच्छा जा रही कार आवारा गोवंश से टकराकर खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार एक महिला और युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि गोवंश भी बुरी तरह जख्मी हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार संख्या UK 04 L 6644 कालाढूंगी से किच्छा की ओर जा रही थी। जब वाहन डिपो नंबर 5 के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवारों को बचाने के प्रयास में चालक ने कार मोड़ी, लेकिन उसी दौरान अचानक सड़क पर आवारा गोवंश आ गया।
तेज़ी से सामने आए गोवंश से कार टकराई और अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
हादसे में कार में सवार महिला और युवक दोनों गंभीर रूप से घायल हुए। इसी दौरान गोवंश भी गाड़ी की चपेट में आकर घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से दोनों घायलों को उपचार के लिए हल्द्वानी अस्पताल भेजा गया।
