हल्द्वानी: शहर क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला अपनी 10 वर्षीय बेटी को लेकर पति के जिगरी दोस्त के साथ लापता हो गई। परेशान पति ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई है, जिसके बाद गुमशुदगी दर्ज कर महिला और बेटी की तलाश शुरू कर दी गई है।
मूल रूप से राजपुरा की रहने वाली 40 वर्षीय महिला 28 जून से अपनी 10 साल की बेटी के साथ गायब है। बताया गया कि वह रोज़ की तरह काम पर निकली थी, लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटी। महिला नैनीताल रोड स्थित एक होटल में नौकरी करती थी, जबकि उसका पति मजदूरी करता है। इस घटना से 13 साल का बेटा, जिसे मां घर पर छोड़ गई है, भी सदमे में है।
पति ने पुलिस को दी शिकायत में आशंका जताई है कि उसका पुराना दोस्त ही उसकी पत्नी और बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया है। हालांकि, लिखित शिकायत में उसने दोस्त का नाम साफ तौर पर नहीं लिखा है।
पुलिस जांच में पता चला कि मां-बेटी को आखिरी बार रोडवेज स्टेशन हल्द्वानी पर देखा गया था, जहां से वे एक टैंपो में सवार होकर कहीं चली गईं। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
