नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल में सोमवार से विंटर कार्निवाल 2025 का विधिवत शुभारंभ हो गया। जिला पर्यटन विकास विभाग की ओर से कार्निवाल की शुरुआत टांकी बैंड से चाइना पीक तक ट्रैकिंग कार्यक्रम के साथ की गई, जिसमें 30 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
ट्रैकिंग कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या एवं अपर जिलाधिकारी विवेक राय द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। ट्रैकिंग के दौरान प्रतिभागियों को बर्ड वॉचिंग की जानकारी भी दी गई। जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी ने बताया कि ट्रैकिंग और बर्ड वॉचिंग के साथ-साथ स्वच्छता को लेकर क्लीनिंग ड्राइव भी आयोजित की गई।
कार्यक्रम में बर्ड वॉचिंग विशेषज्ञ जगजीवन धामी ने युवाओं को नैना बर्ड सेंचुरी की जानकारी दी और शीतकाल में नैनीताल क्षेत्र में आने वाले प्रवासी पक्षियों के बारे में विस्तार से बताया। अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा चाइना पीक का यह ट्रैक एक तैयारी के रूप में आयोजित किया गया है। इसके बाद 26 दिसंबर को बिरला चुंगी से कैंची धाम तक लंबी ट्रैकिंग आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि छोटे स्वरूप में शुरू किया गया विंटर कार्निवाल अब धीरे-धीरे व्यापक रूप ले रहा है और इस वर्ष नैनीताल में बेहतर और सुव्यवस्थित आयोजन किया जा रहा है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी ने बताया कि क्लीनिंग ड्राइव में सर्वाधिक कूड़ा एकत्र करने वाले वालिंटियर को सम्मानित भी किया जाएगा।
इसी के साथ सोमवार से शहर में विंटर कार्निवाल के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आगाज हो गया है। माल रोड पर जलसा, लखिया भूत और छोलिया नृत्य जैसी पारंपरिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जबकि शाम को स्टार नाइट का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम नवाजिश खालिक, ईओ रोहितास शर्मा, पीसी मनराल, दयाकिशन पोखरिया, नितिन कार्की, पंकज भट्ट, दीपक मर्तोलिया सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
