
Oplus_131072
उधम सिंह नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला के साथ टेंपो में दरिंदगी की गई। दिल्ली से अपने मायके से लौट रही महिला जब काशीपुर स्टेशन पर उतरी, तो उसे क्या पता था कि उसका सफर इस कदर डरावना बन जाएगा। घर जाने के लिए वो एक टेंपो में बैठी, जिसमें कुछ लोग पहले से मौजूद थे। रास्ते में दो महिलाएं उतर गईं और उसके बाद टेंपो में बचे तीन लोगों ने महिला को निशाना बना लिया।
पीछे बैठे दो लड़कों ने अश्लील बातें शुरू कीं और जब महिला ने विरोध किया तो टेंपो चालक ने गाड़ी को तेज़ रफ्तार से हाईवे की तरफ मोड़ दिया। टेंपो के पर्दे गिरा दिए गए, म्यूजिक की आवाज़ इतनी तेज़ कर दी गई कि महिला की चीख भी किसी ने नहीं सुनी। इसी दौरान महिला के साथ दुष्कर्म किया गया। उसके पास से नकदी और चांदी की पायल भी लूट ली गई।
वारदात के बाद महिला को मसीत के पास हाईवे किनारे फेंककर आरोपी भाग निकले। किसी तरह वह घर पहुंची और अपने बेटे को सब कुछ बताया। सदमे में डूबी महिला को शिकायत दर्ज कराने में कुछ दिन लग गए। 24 अप्रैल को बेटे ने गदरपुर पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और शुक्रवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों युवक गदरपुर के ही रहने वाले हैं—गौरव रावत, अमित गुप्ता और विक्की। इनके पास से टेंपो, महिला का आधार कार्ड, टिकट, पायल और नकदी भी बरामद कर ली गई है। पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी चैती मेले से लौट रहे थे और नशे में थे।
फिलहाल आरोपियों को जेल भेजा गया है और पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।