लालकुआं: महिला सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई एक बार फिर चर्चा में है। लालकुआं में महिला से सरेराह छेड़छाड़ करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने मात्र दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। साथ ही आरोपियों की स्कॉर्पियो गाड़ी को भी बरामद किया गया।
जानकारी के मुताबिक, 31 अक्तूबर 2025 को लालकुआं निवासी पीड़िता ने थाने में तहरीर दी कि 30 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे जब वह अपनी भांजी के साथ बाजार से घर लौट रही थी, तभी हनुमान मंदिर के पास किच्छा की ओर से आती एक स्कॉर्पियो (UK06AD-0011) में सवार युवकों ने रास्ता रोककर छेड़छाड़ की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के नेतृत्व, सीओ लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल के पर्यवेक्षण और कोतवाल बृजमोहन सिंह राणा के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे में तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी:- चंदन आर्या, निवासी राजीवनगर प्रथम, बिंदुखत्ता (21 वर्ष), अनिल कुमार आर्या, निवासी राजीवनगर प्रथम, बिंदुखत्ता (26 वर्ष), विनोद आर्या, निवासी कार रोड, शिव मंदिर के पास, बिंदुखत्ता (30 वर्ष)
घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को पुलिस ने मौके से बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी टीम: उ0नि0 वंदना चौहान, उ0नि0 शंकर नयाल, का0 गुरमेज सिंह, का0 गणेश गिरी, का0 प्रहलाद सिंह, का0/चा0 खीम सिंह दानू।
पुलिस टीम की सराहना करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने ₹500 नगद ईनाम की घोषणा की है।
नैनीताल पुलिस का संदेश:- महिलाओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनपद में महिलाओं के प्रति अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
